Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा हुआ है। विमान में 242 यात्री सवार थे। जिसमे में से 230 यात्री और 12 कैबिन क्रू सवार थे, सवार यात्रियों में से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश यात्री सवार थे। इसके अलावा एक यात्री कनाडा से और सात पुर्तगाल से थे। हालांकि, बताया जा रहा है कि इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। इस हादसे में केवल एक व्यक्ति ही बचा है, जिसका इलाज चल रहा है।
गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI171 दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद करीब 265 शव अस्पताल पहुंचाए गए। मृतकों की संख्या प्लेन में सवार लोगों की संख्या से इसलिए ज्यादा है क्योंकि विमान हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस हादसे में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे कई छात्र भी मारे गए हैं।
DGCA ने जानकारी दी कि एअर इंडिया B787 ड्रीमलाइनर एयरक्रॉफ्ट ने दोपहर 1.38 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरी थी और वह टेक ऑफ के पांच मिनट बाद ही क्रैश हो गया। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी और उसके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।
संपर्क के लिए जारी किए गए हैं ये नंबर:
विमान हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने ऑपरेशनल कंट्रोल रूप एक्टिवेट कर दिया है। यहां संपर्क करने के लिए 011-24610843 , 9650391859 नंबर जारी किए गए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक हेल्पलाइन भी शुरू की है। किसी भी जानकारी के लिए 9974111327 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा एअर इंडिया ने कहा – हमने अधिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित यात्री हॉटलाइन नंबर 18005691444 स्थापित किया है। अहमदाबाद सिटी पुलिस की तरफ से 07925620359 आपातकालीन नंबर जारी किया गया है।
DNA मैच करने की प्रक्रिया में लगेंगे 72 घंटे:
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में मामले देख रहे चिराग गोसाई ने कहा, “डीएनए नमूने के मिलान की प्रक्रिया पूरी होने में करीब 72 घंटे लगेंगे। एक बार मिलान हो जाने पर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।” हादसे में मारे गए लोगों में से छह के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
विमान हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख और घायलों से मुलाकात करने पहुंचे अस्पताल:
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “अहमदाबाद में हुए हवाई हादसे से हम सभी स्तब्ध हैं। इतने अचानक और हृदय विदारक तरीके से इतने लोगों की जान चली गई, यह शब्दों से परे है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। हम उनका दर्द समझते हैं और यह भी जानते हैं कि उनके पीछे जो खालीपन रह गया है, वह आने वाले वर्षों तक महसूस किया जाएगा। ओम शांति।” अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में पीएम नरेंद्र मोदी ने घायलों से 10 मिनट तक की मुलाकात और उनका हालचाल जाना।
टाटा ग्रुप ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया:
टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी दुखद घटना से हम बहुत दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो घायल हुए हैं। टाटा समूह इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगा। हम घायलों के चिकित्सा खर्च भी वहन करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सभी आवश्यक देखभाल और सहायता प्रदान की जाए। इसके अलावा, हम बीजे मेडिकल कॉलेज में एक छात्रावास के निर्माण का समर्थन करेंगे। हम इस अभूतपूर्व समय में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ खड़े हैं।
रूपाणी का भाग्यशाली अंक 1206 बन गया उनकी अंतिम यात्रा की तारीख:
पूर्व गुजरात मुख्यमंत्री 1206 को अपना भाग्यशाली अंक मानते थे, लेकिन अब 12 जून (12/06) की तारीख उनकी अंतिम यात्रा की तारीख बन गई। रूपाणी के गृहनगर राजकोट के लोग उनकी कार के नंबर 1206 से पहचान लेते थे। राजकोट के स्थानीय लोगों और पत्रकारों के अनुसार, रूपाणी के स्कूटर और कारों पर एक ही नंबर था।
AAIB ने एयर इंडिया हादसे की जांच शुरूकर दिया है:
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 171 की गंभीर दुर्घटना की जांच अब औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इस हादसे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) कर रहा है। जांच का उद्देश्य हादसे की असली वजह पता करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।
गुजरात विमान हादसे की जांच करेगा अमेरिका:
अमेरिका की एक स्वतंत्र सरकारी एजेंसी, राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB), परिवहन दुर्घटनाओं की जांच करती है। NTSB ने कहा है कि वह गुजरात में हुई एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच के लिए अमेरिकी विशेषज्ञों की एक टीम भेजेगी और इस जांच का नेतृत्व करेगी। यह टीम दुर्घटना के कारणों को समझने में मदद करेगी।